रेवाड़ी डिपो के परिचालक के साथ बस अड्डे पर मारपीट केस में अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। शनिवार को बस स्टैंड स्थित यूनियन कार्यालय में हुई रोडवेज साझा मोर्चा की बैठक में निर्णय लिया गया कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। साझा मोर्चा के सदस्य सुरेश ने बताया कि 22 मई को रेवाड़ी डिपो के परिचालक रवि कुमार को निजी बस संचालकों की ओर से बुरी तरह से पीटा गया है। इसकी शिकायत पुलिस चौकी बस स्टैंड में की गई। तीन दिन के मेडिकल इलाज के बाद परिचालक को नागरिक अस्पताल से शनिवार को छुट्टी मिली है। परिचालक रवि कुमार ने बताया कि अस्पताल में पुलिस प्रशासन ने कोई बयान दर्ज नहीं किया। वहीं, शनिवार को बस स्टैंड चौकी में अपने बयान दर्ज करवाने के लिए पहुंचे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस पर साझा मोर्चा ने आपात बैठक बस स्टैंड रोहतक पर की। बैठक में सोनू हुड्डा, जोगेंद्र मलिक, नरेश सिवाच, जोगेंद्र ढुल, आनंद खिड़वाली, संदीप सिंघवा, दिनेश हुड्डा व दीपक हुड्डा आदि मौजूद रहे।