राजस्थान की महिला थानेदार का शव लेकर जींद के भागखेड़ा गांव आ रहे परिवार की कार नेशनल हाइवे 152 डी पर शुक्रवार सुबह सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर में महिला थानेदार जोगेंद्र कौर की बहन (61) कृष्णा देवी, बेटे (24) कीर्ति निवासी भागखेड़ा व भतीजे सोनीपत जिले के गांव जागसी निवासी (27) सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार सचिन की मां (45) गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक सुबह सूचना मिली कि निंदाना गांव के पास कार व ट्रक में टक्कर हो गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा पंजाब नंबर की कार ट्रक के नीचे घुसी हुई थी। किसी तरह कार को दूसरे वाहन से जोड़कर ट्रक के नीचे से निकाला गया। कार सवार तीनों लोगों को जब तक बाहर निकाला तब तक तीनों दम तोड़ चुके थे। एक घायल कविता की सांस चल रही थी। परिजनों की मदद से घायल को रोहतक के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जबकि तीनों शवों का पीजीआई में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। बीमारी से हुआ था जोगेंद्र कौर का देहांत राजस्थान के बाडमेर में तैनात एएसआई जोगेंद्र कौर कई दिन से बीमार थी। उसके जयपुर अस्पताल में दाखिल कराया गया था। रात को उसकी मौत हो गई। परिवार रात 11 बजे शव लेकर जयपुर से रवाना हुआ। रास्ते में निंदाना गांव के पास हादसा हो गया। हादसे के बाद परिजन एंबुलेंस से जोगेंद्र कौर का शव गांव भागखेड़ा में पहले ले गए। परिजनों ने बताया कि बेटे व बहन के पोस्टमार्टम में समय लगेगा। इसलिए पहले जोगेंद्र कौर का संस्कार किया है। वहीं, सचिन का शव जागसी गांव ले जाया जाएगा।