पीजीआई की ओपीडी में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट आर्गेनाइजेशन (सोटो) की ओर से रविवार को राष्ट्रीय अंगदान दिवस मनाया गया। लोगों को अंगदान के प्रति जागरूक करने के लिए ओपीडी से मेडिकल मोड तक जागरूकता रैली निकाली गई। स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय अंगदान के प्रति जागरूकता लाने का समय है। एक समय था जब रक्तदान के प्रति लोगों को काफी जागरूक किया जाता था। अब लोग लाइन में लगाकर स्वयं रक्तदान करने जाते हैं। वहीं, देहदान के प्रति भी लोगों में जागरूकता आई है। इसी प्रकार हमें अंगदान के प्रति भी जागरूकता लानी होगी। सोटो विभाग को भी अंगदान के प्रति एक बडा अभियान चलाकर गांव के स्तर पर लोगों को जागरूक करना चाहिए। कार्यक्रम में ऐसे लोग भी मौजूद रहे जिनके परिजनों को किसी अंग की जरूरत है। ऐसे लोगों की मदद के लिए अंगदान की विकल्प है। ये अंग किसी फैक्ट्री या लैब में नहीं बनाए जा सकते हैं।