जिले में रविवार को होने वाली नीट परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा को नकलमुक्त और शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन ने शनिवार को मॉक ड्रिल कर व्यवस्थाओं को परखा। जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने दावा किया कि परीक्षा पूरी निष्पक्षता और शांति से संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जहां 5307 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। नकल और गड़बड़ी रोकने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हर केंद्र पर पुलिस बल तैनात रहेगा। पहली बार परीक्षा केंद्रों की छतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे ताकि बाहरी हस्तक्षेप पर पूरी नजर रखी जा सके। कहा कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू रहेगी। इस दायरे में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, भीड़ और नारेबाजी पर पूरी तरह रोक होगी। नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने परीक्षा देने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी निडर होकर परीक्षा दें। प्रशासन की तरफ से सभी इंतजाम पूरे हैं।