अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के सरदार वल्लभभाई पटेल क्रिकेट स्टेडियम में वीरवार को जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 5 हजार लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया ने योग को भारत की प्राचीन परंपरा बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगासन कराए गए। साथ ही योग आधारित कला-इतिहास प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। जिला प्रशासन, विश्वविद्यालय अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, एनसीसी, एनएसएस स्वयंसेवकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।