रेवाड़ी में श्री गुरुनानक देव के 555वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में वीरवार की शाम शहर में नगर कीर्तन और शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब को फूलों से सजी पालकी पर विराजमान कर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ शहर के मुख्य बाजारों में ले जाया गया। जहां पालकी के आगे पारंपरिक वेश-भूषा में सुसज्जित पंज प्यारे शोभायात्रा को सुशोभित कर रहे थे। इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में पहुंची संगत ने लोगों को गुरुनानक देव का अमन और प्रेम का संदेश दिया। इस यात्रा के दौरान पंजाब बैंड और गतका पार्टी का प्रदर्शन मुख्य आकर्षक का केंद्र रहा। नगर कीर्तन में श्री गुरु ग्रंथ साहिब को भव्य पालकी में सजाया गया था। नगर कीर्तन के आगे महिलाएं सफाई कर रही थी। शहर के बारा हजारी गुरुनानक सिंह सभा के प्रधान सरदार प्रीतपाल मिक्का ने कहा कि 555 वर्ष पहले करतारपुर साहेब में गुरुनानक देव जी का जन्म हुआ और आज करतारपुर साहेब का रास्ता खोला जा चुका है और देशभर के लोग वहां जा रहे हैं। मैं उन सभी को बधाई देता हूं। शुक्रवार की सुबह बारा हजारी गुरुद्वारे में 10 बजे से कीर्तन चलेगा, जिसमें कथावाचक अमनदीप जलालाबाद वाले व जलगांव से जुगराज सिंह का जत्था आएंगे। उसके बाद दोपहर एक बजे लंगर का आयोजन किया जाएगा।