जिलेभर में शिवरात्रि धूमधाम से मनाई गई। देर रात से शिवालयों में कांवड़ लाने वाले श्रद्धालुओं का पहुंचना आरंभ हो गया था। बम-बम भोले के जयकारों के बीच बुधवार को दिनभर मंदिरों में पूजा अर्चना का माहौल रहा। भक्तों ने शिवलिंग पर बेल पत्र, गंगाजल आदि चढ़ाकर सुख समृद्धि की कामना की। जगह-जगह भंडारा लगे, जहां कांवड़ियों और आम श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। शिवरात्रि को लेकर शिवालयों की साज सज्जा के साथ जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हुए थे। सावन का महीना भगवान शिव का पवित्र माह माना जाता है।