फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी : जेल भरो आंदोलन में किसानों-मजदूरों ने किया प्रदर्शन, जिला मुख्यालय पर दी सामूहिक गिरफ्तारी

संयुक्त किसान मोर्चा एवं केंद्रीय श्रमिक संगठनों के संयुक्त आह्वान पर चला जेल भरो आंदोलनसंवाद न्यूज एजेंसीरेवाड़ी। संयुक्त किसान मोर्चा एवं केंद्रीय श्रमिक संगठनों के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को रेवाड़ी में जेल भरो आंदोलन चलाया गया। बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, श्रमिक, कर्मचारी और स्कीम वर्कर शहर में एकत्र हुए और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया और सामूहिक गिरफ्तारी दी। इस दौरान सभी को पुलिस वाहन में बैठा दिया गया। हालांकि बाद में सभी को छोड़ दिया गया। आंदोलन से पहले सभी प्रदर्शनकारी नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में एकत्र हुए। यहां सभा का आयोजन किया गया, जिसमें किसान और मजदूर संगठनों के नेताओं ने सरकार की नीतियों को लेकर रोष जताया। इसके बाद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय की ओर रवाना हुए और वहां पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भारत-अमेरिका समझौते को रद्द करने, श्रमिक विरोधी चार श्रम संहिताओं को वापस लेने, सरकारी विभागों के निजीकरण पर रोक लगाने और रिक्त पदों को भरने की मांग की। किसानों के लिए सभी फसलों की खरीद की गारंटी के साथ सी2+50 प्रतिशत न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी अधिकार देने तथा किसान और मजदूरों के कर्ज माफ करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा बिजली संशोधन विधेयक-2025 वापस लेने, बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने, आशा, मिड-डे मील और आंगनबाड़ी सहित योजना कर्मियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने तथा न्यूनतम वेतन लागू करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने मनरेगा को मजबूत करते हुए मजदूरों को साल में 200 दिन काम और 700 रुपये दैनिक मजदूरी देने की मांग भी रखी। कर्मचारियों की ये है प्रमुख मांगे: निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण और हितलाभ की प्रक्रिया सरल करने, सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, आठ घंटे का कार्य दिवस सुनिश्चित करने, सामाजिक सुरक्षा और हड़ताल के अधिकार की रक्षा करने की मांग भी उठाई गई। कार्यस्थल पर सुरक्षा, जबरन भूमि अधिग्रहण और कारपोरेटपरस्त भूमि पूलिंग पर रोक लगाने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली की मांग भी प्रमुख रही। प्रदर्शन में इन लोगों ने लिया भाग: सभा को संयुक्त किसान मोर्चा जिला के अध्यक्ष अभय सिंह फिदेड़ी, ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के जिला अध्यक्ष रामकुमार नीमोठ, अमर सिंह, जय किसान आंदोलन के जिला अध्यक्ष पृथ्वी सिंह, बाबूलाल, एआईटीयूसी के जिला अध्यक्ष सतीश नाहड़, अजय कुमार, एआईयूटीयूसी के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह एडवोकेट, जिला सचिव शेर सिंह मीरपुर, खेमचंद ढाकिया, महाशय मूलचंद, तारा देवी, संतोष और नगरपालिका कर्मचारी यूनियन के नेता शिवानंद गंगाहेड़ी सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें