फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी में नगर परिषद में सीसी रोड निर्माण पर उठे भ्रष्टाचार के सवाल

नगर परिषद में सीसी रोड निर्माण को लेकर एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। शहर में करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई सीसी सड़कों की हालत निर्माण के कुछ ही महीनों बाद खराब होने लगी है। ब्रह्मगढ़ से ब्रास मार्केट को जाने वाले मार्ग पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई सीसी रोड महज दस महीने में ही उखड़ने लगी है। सड़क की सतह से रोड़ियां निकलने लगी हैं, जिन्हें छुपाने के लिए मौके पर काला तारकोल डालने का काम किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 10 वर्ष की आयु वाली बताई जा रही यह सीसी सड़क निर्माण के तुरंत बाद ही अपनी असली स्थिति दिखाने लगी थी। सड़क के कई हिस्सों में सीमेंट उखड़ने लगा और रोड़ियां बाहर आने लगीं। अब स्थिति यह है कि दिनदहाड़े सड़क की खराब होती हालत को छुपाने के लिए उस पर तारकोल डालकर पैचवर्क किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यह मामला नगर परिषद के अधिकारियों और ठेकेदारों की कथित मिलीभगत की ओर इशारा करता है। आरोप है कि घटिया निर्माण सामग्री और मानकों की अनदेखी के कारण सड़क की यह स्थिति बनी है। वहीं शहर की अन्य कई सीसी सड़कों पर भी इसी तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर सड़कों की खराब हालत को छुपाने के लिए सीमेंट का घोल डालकर मरम्मत का दिखावा किया जा रहा है। इस मामले में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अंकित वशिष्ठ का कहना है कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। शिकायत मिलने के बाद इसकी जांच करवाई जाएगी और यदि कहीं निर्माण में गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर कांग्रेस के शहरी प्रधान प्रवीण चौधरी ने भी इस मामले को लेकर नगर परिषद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शहर में करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों में लगातार भ्रष्टाचार हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार नेताओं और अधिकारियों को यह दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कमीशन के चक्कर में अधिकारी ठेकेदारों का बचाव कर रहे हैं और शिकायतों के बावजूद उन्हें भुगतान कर दिया जाता है। प्रवीण चौधरी ने इस पूरे मामले की विजिलेंस जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जनता की गाढ़ी कमाई के करोड़ों रुपये विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें