डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में शहर थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने अपनी टीम के साथ शनिवार को रेलवे रोड पर सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने रेलवे रोड व आस पास मार्किट में दुकानों के बाहर सड़क तक रखे सामान को हटवाया और अवैध रूप से खड़ी रेहड़ियों को भी वहां से हटवाया। अतिक्रमण अभियान के दौरान शहर थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने सभी दुकानदारों और वेंडर्स को मौके पर सख्त हिदायत दी कि वह अपनी दुकान का सामान किसी भी सूरत में निर्धारित सीमा से बाहर न रखें। यदि भविष्य में कोई भी दुकानदार या रेहड़ी संचालक दोबारा अतिक्रमण करते हुए पाया गया, तो उसका सामान जब्त करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क पर बढ़ते यातायात जाम से जनता को निजात दिलाना और पैदल चलने वालों के लिए रास्ता सुगम बनाना था। शहर थाना प्रभारी ने व्यापारियों से अपील की है कि वे शहर को व्यवस्थित रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें ताकि आमजन को असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन के लिए नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य मुख्य बाजारों में भी इसी तरह की आकस्मिक चेकिंग जारी रहेगी।