पालहवास गांव में बीती रात गो तस्करी की कोशिश को ग्रामीणों की सूझ-बूझ ने नाकाम कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके से सात गायों को मुक्त कराया और वाहन जब्त किया। वाहन से पत्थर भी बरामद हुए हैं। देर रात कुछ तस्कर एक पिकअप गाड़ी में सात गायों को अवैध रूप से भरकर ले जा रहे थे, जैसे ही वाहन पालहवास गांव के पास पहुंचा तो अचानक गाड़ी बंद हो गई। इस बीच मौके पर ग्रामीणों की नजर गाड़ी पर पड़ी। ग्रामीणों ने जब पास जाकर देखा तो मामला गो तस्करी का निकला। ग्रामीणों को समझते देर न लगी और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो इससे पहले ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी से सभी सात गायों को सुरक्षित निकालकर पास के गोशाला में भिजवा दिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। इससे साफ पता चलता है कि तस्कर पूरी तैयारी के साथ आए थे। ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में आए दिन गो तस्करी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिस पर पुलिस को और सख्ती बरतने की आवश्यकता है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि गो तस्करी जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।