थाना मॉडल टाऊन पुलिस ने 3 सितंबर को मिंडा कट बावल रोड के पास राकेश वर्मा की हत्या करके शव को डालने के मामले की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान यूपी के जिला सुल्तानपुर के गांव हमजाबाद निवासी विनोद कुमार व यूपी के जिला सुल्तानपुर के गांव अत्तरसुभाकलां निवासी सन्नी यादव के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक व दोनों आरोपी गांव सुठानी में एक ही कमरे में किराये पर साथ रहते थे। तीनों आर्थिक रूप से कमजोर थे। किराये को लेकर तीनों का आपस में विवाद होने लगा था। इस वजह से मकान मालिक ने उनसे कमरा खाली करवा लिया था। दोनों आरोपी राजेश वर्मा को कमरा खाली करने की वजह मानते थे। 2 सितंबर को तीनों मिंडा कट बावल रोड के पास शराब पीने के लिए एक साथ बैठे थे। शराब पीने के बाद जब नशा हुआ तो सन्नी और विनोद का राकेश के साथ झगड़ा हो गया। इन लोगों ने पहले उसका गला घोंट दिया। इसके बाद चेहरे पर पत्थर से वार किए, जिससे राकेश की मौके पर ही मौत हो गई।