बावल की संत कबीर कॉलोनी में एक 19 वर्षीय नवविवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के थाना उचाना क्षेत्र निवासी सज्जन लाल अपनी पत्नी प्रियंका के साथ रोजगार की तलाश में बावल आया था। दोनों की शादी करीब चार माह पहले हुई थी। दंपती पिछले लगभग 15 दिनों से संत कबीर कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे और यहीं से काम की तलाश कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद बुधवार शाम के समय सज्जन लाल सब्जी लेने बाजार चला गया। इसी दौरान प्रियंका ने कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जब सज्जन लाल वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने खिड़की से झांककर देखा तो पत्नी फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद उसने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आत्महत्या के पीछे घरेलू विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं था।