फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी: बुजुर्ग महिलाओं से ठगी के शातिर निकले अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य, 18 मामले हैं दर्ज

शाहिल शर्मा Updated Wed, 01 Apr 2026 04:28 PM IST

दो बुजुर्ग महिलाओं को अपनी बातों के जाल में फंसाकर सोने के कुंडल और नगदी ठगने वाले शातिर अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य निकले हैं। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के जिला खैरथल तिजारा के मातोर रोड निवासी गोविंद व रेवाड़ी के मोहल्ला गुर्जरवाड़ा निवासी राजकुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगे गए दो जोड़ी सोने के कुंडल बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बावल के डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। वे खासतौर पर अकेले जा रही बुजुर्ग महिला या पुरूष को अपना निशाना बनाते थे। पहले वे बातचीत के जरिए विश्वास जीतते और फिर किसी लालच या झांसे जैसे लॉटरी लगने या किसी इनाम का प्रलोभन देकर पीड़ित को अपने जाल में फंसा लेते थे। इसके बाद वे मौके का फायदा उठाकर सोने के कुंडल और नकदी लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और कई जगहों पर इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं, जिससे उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि का अंदाजा लगाया जा सकता है। डीएसपी के अनुसार आरोपी गोविंद के खिलाफ राजस्थान के जिला अलवर और खैरथल-तिजारा के विभिन्न थानों में ठगी के 12 मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी राजकुमार के खिलाफ जिला महेंद्रगढ़ और राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में 6 मामले दर्ज हैं। दोनों ने मिलकर 18 वारदातों को अंजाम दिया है। दोनों आरोपी वर्तमान में बहरोड़ और नारनौल में दर्ज दो अन्य मामलों में भी वांछित चल रहे हैं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें