पानीपत की तीसरी लड़ाई का शौर्य दिवस समारोह बुधवार को शौर्य स्थल काला आंब में मनाया गया। हवन के साथ आयोजित कार्यक्रम में महाराष्ट्र से पहुंचे मराठों व प्रदेशभर के जिलों से आए रोड मराठों ने अपने पूर्वजों की देश की रक्षा के लिए कुर्बानी को याद किया। महाराष्ट्री की वीर शिवबा संस्था के वीरों ने युद्ध कौशल का सुंदर प्रदर्शन किया। काला आंब स्मारक स्थल पर बुधवार को शौर्य दिवस समारोह में मुख्यातिथि महामंडलेश्वर गणेशानंद महाराज रहे। विशिष्ट अतिथि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, जितेंद्र सैनी और एसडी कॉलेज प्रोफेसर संतोष रही। समारोह में महाराष्ट्र, पूणे, उड़ीसा, कुरुक्षेत्र और जिले के तीन से चार गांव के ग्रामीणों शामिल हुए। पानीपत के सुताना व भादड़ गांव के मराठों ने कार्यक्रम में पहुंचकर शिवाजी महाराज को नमन किया। गजेंद्र सलूजा ने मराठा समाज के लोगों का उनके निमंत्रण देने पर धन्यवाद किया और समाज को हर संभव सहयोग देने की बात कही।