जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों और दवा की कमी का खामियाजा मरीजों को उठाना पड़ रहा है। ओपीडी में ही पूरे चिकित्सक नहीं हैं। शनिवार को अस्पताल में मनाेरोग, हड्डी रोग और एनसीडी (नॉन-कम्युनिकेबल डिजीज) बीपी, शुगर की विशेषज्ञ नहीं मिली। मनोरोग विशेषज्ञ के लंबी छुट्टी पर जाने के बाद दूसरे चिकित्सक की व्यवस्था नहीं की जा सकी। वहीं हड्डी रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी ऑपरेशन थियेटर में लगा दी। एनसीडी की चिकित्सक अवकाश पर रही। ऐसे में दोनों विशेषज्ञों की ओपीडी में आने वाले मरीजों को इलाज व दवा नहीं मिल पाई। अस्पताल से करीब 250 मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा। वहीं स्टोर पर कुछ दवा नहीं मिली। मरीजों को बाहर से दवा लेनी पड़ी। शुक्रवार की छुट्टी के चलते शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल में अपेक्षा से अधिक मरीज पहुंचे। करीब 1200 ओपीडी में आए। शनिवार सुबह नौ बजे से पहले की लोग अस्पताल में पहुंच गए। उनको लाइन में लगकर अपना पंजीकरण कराया और फिर चिकित्सक के पास जांच कराने पहुंचे। मरीजों को पंजीकरण से लेकर चिकित्सक की जांच और फिर आगे दवा लेने के लिए लाइन में लगना पड़ा। एक मरीज को चार से पांच घंटे में दवा मिल पाई। विशेषज्ञ चिकित्सक के न मिलने पर बाकी के मरीजों को बिना दवा ही लौटना पड़ा।