समालखा (पानीपत)। जीटी रोड पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक बड़े नशा तस्कर को काबू करते हुए कैन्टर से भारी मात्रा में डोडा चूरा बरामद किया है। आरोपी पंजाब से नशीला पदार्थ लेकर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना समालखा पुलिस टीम गश्त और अपराध जांच के दौरान जीटी रोड पर पट्टी कल्याणा के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक कैन्टर चालक बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर पंजाब की ओर जाएगा। सूचना के आधार पर पुलिस ने भोड़वाल माजरी के पास फोरलेन पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद दिल्ली की ओर से आ रहे संदिग्ध कैन्टर को रोककर चालक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम नीतिश कौशल निवासी होशियारपुर (पंजाब) बताया। कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी को राजपत्रित अधिकारी के सामने तलाशी का विकल्प दिया गया। डीएसपी मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे और उनकी मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कैन्टर में 601 पेटियां फैब्रिक कंडीशनर की मिलीं। इनके नीचे छिपाकर रखे गए 51 प्लास्टिक कट्टों में डोडा चूरा बरामद हुआ। सभी कट्टों का वजन करीब 1033 किलो 970 ग्राम पाया गया। पुलिस ने पूरे माल को कब्जे में लेकर सील कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 15(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही पूरे मामले की वीडियोग्राफी कर साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। थाना समालखा पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।