पटवारी और कानूनगो की तीन दिन की हड़ताल के बाद नायब तहसीलदार, तहसीलदार और जिला राजस्व अधिकारियों ने एक दिन की पैन डाउन हड़ताल रखी। ऐसे में जिले की पांचों तहसील 160 से 180 रजिस्ट्री संबंधित काम नहीं हो पाए। पांचों तहसील में छह से आठ करोड़ रुपये का राजस्व एक दिन में प्रभावित हुआ है। वहीं रजिस्ट्री कराने के लिए लोग पूरा दिन तहसील के चक्कर काटते रहे। उनको दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा। हरियाणा रेवेन्यू ऑफिसर एसोसिएशन के बैनर तले राजस्व अधिकारियों ने वीरवार को पैन डाउन हड़ताल रखी। एसोसिएशन ने उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया को मांगपत्र सौंपा। नायब तहसीलदार, तहसीलदार और जिला राजस्व अधिकारी के हड़ताल पर जाने से रजिस्ट्री कार्य बंद हो गया। लोगों को बिना काम के लिए ही लौटना पड़ा। आजाद नगर के रमेश ने बताया कि उनको अपने प्लॉट की रजिस्ट्री करानी थी। पटवारी व कानूनगो की हड़ताल के बाद वीरवार को जमाबंदी की रिपोर्ट तैयार हो पाई थी। वह तहसील में आए तो यहां हड़ताल होने की सूचना मिली। उनको वापस जाना पड़ा। नायब तहसीलदार पानीपत सौरभ शर्मा ने बताया कि गुरुग्राम के वजीराबाद नायब तहसीलदार नरेंद्र कुमार को बिना जांच के निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा तहसील में स्टांप ड्यूटी से संबंधित मामलों में विभागीय जांच की बजाय पुलिस मुकदमा दर्ज करने लगी है। इससे काम करना मुश्किल हो गया है।