हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि तीज का पर्व नारी शक्ति, प्रेम, समर्पण और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। यह पर्व विशेष रूप से महिलाओं द्वारा बड़े उल्लास और आस्था के साथ मनाया जाता है। तीज हमारे समाज में नारी की भूमिका और उसकी आंतरिक शक्ति का उत्सव है। सुमन सैनी बुधवार को हरियाणा बाल कल्याण परिषद द्वारा पानीपत में आयोजित राज्यस्तरीय तीज पर्व के अवसर पर बोल रही थी। उन्होंने देशवासियों को, विशेषकर महिलाओं को, हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि तीज का त्योहार हमें प्रकृति, प्रेम और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ता है। यह पर्व भारतीय संस्कृति की जीवंतता और हमारी परंपराओं की गहराई को दर्शाता है। उन्होंने सभी महिलाओं के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान की दिशा में निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी हर संभव कदम उठाए जाएंगे। अंत में उन्होंने अपील की कि सभी लोग इस पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता के साथ मनाएं।