तारा एनक्लेव निवासी डीलर गगन की हत्या सिर में पत्थर मारकर की थी। पोस्टमार्टम की प्रथम दृष्टया में हत्या साफ आ गई है। जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी पत्नी ने जीआरपी को बताया कि गगन को उनके दोस्त ने फोन कर बुलाया था। जीआरपी ने होटल व फैक्टरी समेत अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जीआरपी को शुक्रवार को समालखा व भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन के बीच नेस्ले फैक्ट्री के पास रेलवे लाइन के नीचे खड्डों में क्षत-विक्षिप्त हालत में एक युवक का शव मिला था। वहीं पर उसकी मोटरसाइकिल बरामद हुई है। शव की शिनाख्त तारा एनक्लेव के गगन (26) के रूप में की थी। मृतक की पत्नी नेहा ने बताया कि गगन दो भाइयों में बड़े थे। उनके पिता हीरालाल जीआरपी में एएसआई थे। उनकी अंबाला के पास शंभू बार्डर पर किसान आंदोलन के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। करीब डेढ़ साल पहले उनकी शादी हुई थी। नेहा ने बताया कि वीरवार रात करीब आठ बजे उनके पति गगन के पास उनके एक दोस्त का फोन आया था। जिसके बाद वह घर से चला गया। कुछ समय बाद गगन का फोन बंद हो गया। सुबह जीआरपी का फोन आया कि गगन का शव रेलवे लाइन पर पड़ा है। परिजनों ने उनकी हत्या कर शव फेंकने के आरोप लगाए। जीआरपी ने शुक्रवार को शव को शवगृह में रखवा दिया था। जीआरपी ने शनिवार को परिजनों के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। जीआरपी के जांच अधिकारी धर्मबीर ने बताया कि पुलिस ने मृतक गगन की पत्नी नेहा के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के होटल व फैक्टरियों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस मामले को जल्द ही सुलझा दिया जाएगा।