नगर निगम की पार्षद पति एवं भाजपा नेता सुरेंद्र गर्ग पर हमले के मामले में निगम के पार्षद लामबंद हो गए हैं। पार्षदों ने पहले मेयर कमल सैनी के वार्ड स्थित कार्यालय पर बैठक की। इसके बाद विधायक प्रमोद विज के साथ पूरे विषय में चर्चा की। पार्षदों ने सफाई सुपरवाइजर और उसको साथ देने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। वहीं सफाई सुपरवाइजर ने सामने आकर पार्षद पति सुरेंद्र गर्ग पर हमला करने और मंथली मांगने के आरोप लगाए हैं। सुपरवाइजर मोहित ने बताया कि पार्षद उनसे हर महीने 20 हजार रुपए की मंथली लेते थे और सेक्टर 25 स्थित मजदूर क्वार्टरों की नियमित रूप से सफाई करवाते थे। वह पिछले महीने मंथली नहीं दे पाए तो उनके खिलाफ साजिश रचने लगे। वहीं मेयर कमल सैनी ने कहा कि सुपरवाइजर आरोपी से बचने के लिए इस तरह की बात कह रहे हैं। कार्यालय में घुस किया था हमला वार्ड-16 की पार्षद रजनी गुप्ता के पति एवं भाजपा नेता सुरेन्द्र गर्ग को सफाई सुपरवाइजर व उसके परिवार ने शुक्रवार को पार्षद के दफ्तर में जाकर उनके पति को पीट दिया। आंख में आई ज्यादा चोट। कांच का गिलास आंख में मारा। शहरी विधायक प्रमोद विज आईबीएम अस्पताल पहुंचे थे। उनको देर रात को दिल्ली रेफर किया था। सुरेंद्र गर्ग ने बताया कि वह शुक्रवार शाम को किशनपुरा के कार्यालय में बैठे थे। इसी समय सुपरवाइजर और उनके परिवार के सदस्य आ गए। उन्होंने आते ही उन पर हमला कर दिया। उनकी आंख पर चोट लगी। हमलावरों ने कार्यालय में मौजूद दूसरे लोगों के साथ भी बदतमीजी की। उनको तुरंत सनौली रोड स्थित आईबीएम अस्पताल में लाया गया। शहरी विधायक प्रमोद विज सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि हमलावरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।