पानीपत के पलड़ी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में आग में झुलसने से मृत महिला के शव को कब्र से बाहर निकाला गया है। थाना इसराना पुलिस बेटी की हत्या के आरोपों के आधार पर इसमें आगामी जांच करेगी। महिला के शव का जिला नागरिक अस्पताल में ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। थाना इसराना पुलिस के प्रभारी विनोद कुमार बुधवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार इसराना अस्तित्व पाराशर की अगुवाई में पुलिस बल के साथ पलड़ी गांव पहुंचे। यहां गांव के मौजिज लोगों की देखरेख में पूरे मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई और शव को कब्र से बाहर निकाला। पुलिस ने इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भेज दिया। विदित है कि महिला सलामती (65) की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने के बाद उनकी मौत हो गई थी। परिजनों ने उनके शव को कब्र में दबा दिया था। महिला की बेटी बिनोद ने थाना इसराना पुलिस को शिकायत देकर उसकी मां की हत्या करने के आरोप लगाए। उनका आरोप है कि हादसे स्थल पर खून के धब्बे हैं। इससे हत्या प्रतीत होती है।