सनौली खुर्द के ग्रामीणों ने अमर उजाला के चौपाल कार्यक्रम में सफाई, पानी निकासी और शिक्षा के साथ खेल सुविधाओं की मांग उठाई। ग्रामीणों ने गांव में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के साथ गांव की पंचायती जमीन व तालाबों को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। युवाओं के भविष्य को देखते हुए लाइब्रेरी और स्टेडियम निर्माण की बात रखी। अमर उजाला द्वारा वीरवार को सनौली खुर्द में चौपाल कार्यक्रम ग्राम पंचायत सरपंच संजय त्यागी के कार्यालय में किया गया। ग्राम पंचायत सरपंच संजय त्यागी, जिला परिषद प्रतिनिधि विपिन पांचाल और बीडीपीओ के प्रतिनिधि ग्राम सचिव जितेंद्र विशेष रूप से शामिल हुए। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे चली चौपाल में अपनी समस्याओं को प्रमुखता से रखकर समाधान की मांग की। ग्राम पंचायत सरपंच संजय त्यागी ने कहा कि गांव में पानी निकासी की समस्या गंभीर थी। उन्होंने लगातार प्रयास से तीन तालाबों की खुदाई कराई है। गांव में दो प्रमुख नाले बनाए हैं। एक नाला निर्माणाधीन है। इसका करीब साढ़े 10 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर प्रशासन को भेजा गया है। गांव के मुख्य चौराहाें पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। ग्राम पंचायत की मांग पर गांव में लाइब्रेरी की मंजूरी मिल गई है। पंचायत ने ग्राम सचिवालय में जगह दे दी है। ग्राम पंचायत की जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। जिला परिषद के प्रतिनिधि विपिन पांचाल ने कहा कि गांव का इतिहास गौरवशाली रहा है। यहां के युवा सेना और पुलिस के साथ खेलों में मान बढ़ा रहे हैं। ऋषिपाल त्यागी ने कारगिल युद्ध में बलिदान देकर गांव का नाम ऊंचा किया है। जिला परिषद की बैठक में समस्याओं के समाधान के साथ विकास कार्यों का प्रस्ताव रखा जाएगा। ग्राम सचिव जितेंद्र ने कहा कि गांव में सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। इसके साथ ट्रैक्टर-ट्राली व रिक्शा बढ़ाई जाएंगी। लोगों से अपील है कि वे कूड़ा खुले या फिर सड़क किनारे न फेंके। ग्रामीणों के सहयोग से ही स्वच्छता को पाया जा सकता है। पंचायत द्वारा तामशाबाद सड़क पर डंपिंग स्टेशन बनाया गया है।