हरियाणा बजट के लिए पंचकूला में हो रही प्री-बजट मीटिंग में सभी मंत्री और विधायक शामिल हुए। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि ऊर्जा विभाग में इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में यमुनानगर में 800 मेगावाट का नया बिजली संयंत्र स्थापित किया जा रहा हैं। इसी तरह बिजली की पुरानी तारों/कम लोड वाली तारों को भी बदला जाएगा। इसके अलावा पुरानी बसों को बदलने के साथ-साथ बस अड्डों की हालत में भी सुधार कर आधुनिक रूप दिया जाएगा। हर जिले में ड्राइविंग स्कूल स्थापित होंगे और प्रत्येक जिले में ऑटोमेटिक वॉशिंग मशीन सिस्टम और ऑटोमेटिक सिस्टम फॉर चेकिंग व्हीकल फिटनेस स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे ही प्रत्येक जिले में श्रमिकों के लिए एयर कंडीशन अस्पताल स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि श्रमिकों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके।