हरियाणा बोर्ड की ओर से पलवल के केन्द्रों पर बृहस्पतिवार को 12वीं बोर्ड का तीसरा पेपर फाइन आर्ट (ललित कला) का पेपर आयोजित किया गया। पीएम श्री गवर्नमेंट सेकेन्ड्री स्कूल और वीरांगना झलकारी बाई राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल कैम्प में नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पुलिस का कड़ा पहरा दिखाई दिया। वहीं, केंद्रों पर नकल रोकने के लिए स्टूडेंट्स के जूते उतरवाए गए। इसके अलावा पेपर से पहले नकल रोकने के लिए शिक्षा बोर्ड की तरफ से सेंटर सुपरिटेंडेंट और प्रिंसिपल से एफिडेविट लिया गया कि उनका कोई रिश्तेदार, जानकार या ब्लड रिलेशन वाला उनके सेंटर में एग्जाम नहीं दे रहा है। साथ ही नकल रहित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की चौकसी भी बढ़ा दी गई है। जिला में हो रही परीक्षाओं के इंचार्ज वेद पाल मलिक ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोई नकल का मामला सामने नहीं आया है।