शहरभर में रविवार को पंजाबी समाज पलवल की ओर से बैसाखी पर्व को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर न्यू कॉलोनी स्थित पंजाबी धर्मशाला में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डॉक्टर मंगल सिंह भवन के निर्माण की आधारशिला रखी, जो समाज के लिए एक नई उपलब्धि मानी जा रही है। साथ ही, पलवल शहर भर में विभिन्न स्थानों पर पंजाबी समाज के लोगों ने पारंपरिक लोक नृत्य गिद्दा और भांगड़ा के साथ बैसाखी पर्व को मनाया। पूरे शहर में पर्व की रौनक देखने को मिली और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने इस ऐतिहासिक त्योहार को उल्लासपूर्वक मनाया। साथ ही शहर में गुरुद्वारा समिति समेत पूरे समाज की ओर से बैसाखी मनाई गई। पूरे शहर में उल्लास की लहर देखने को मिली और हर उम्र के लोगों ने इस ऐतिहासिक त्योहार में अपना जोश दिखाया। इस दौरान पंजाबी समाज के प्रधान देवी लाल मक्कड़, उप प्रधान कृष्ण छाबड़ा, सेक्रेटरी बंसीधर मखीजा, कैशियर पंकज बिरमानी, प्रमोद मलिक, प्रदीप, अजनीत समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।