प्रदेश सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को पलवल बस स्टैंड पर कूड़ा प्रबंधन एवं कूड़ादान वितरण कार्यक्रम के तहत रेहड़ी पटरी वालों को डस्टबिन वितरित किया। इस दौरान मंत्री ने सड़क पर झाड़ू लगाकर और कचरे को ट्रॉली में डालकर लोगों को जागरूक किया। इसके बाद गौरव गौतम ने 1 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि देशभर में गांधी जयंती तक स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी के तहत आज शहर में रेहड़ी संचालकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए डस्टबिन वितरित किए गए हैं। रेहड़ी संचालकों से अपने आस-पास गंदगी न फैलाकर कूड़ेदान में ही कूड़ा डालने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। यदि हम अपने घर, कार्यालय और दुकानों की तरह अपने आस-पास भी साफ-सफाई रखेंगे तो निश्चित तौर पर शहर आने वाले दिनों में स्वच्छ और सुंदर शहरों में शामिल होगा।