हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय व स्वदेशी जागरण मंच की ओर से राष्ट्रीय युवा दिवस पर जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें विवि के स्वयंसेवकों ने भाग लिया और लोगों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महेंद्रगढ़ एसडीएम कनिका गोयल ने शिरकत की। उन्होंने स्वयंसेवकों को स्वामी विवेकानंद के चरित्र व जीवन संघर्ष की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने देश के निर्माण में युवाओं की भूमिका को अहम माना है और युवाओं के सहारे ही हर देश की नींव भरी जाने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने युवाओं को स्वामी की अवधारणाओं से अवगत कराया। इसके बाद शहर के हुड्डा पार्क में सभी स्वयंसेवकों को स्वामी के पदचिह्नों पर चलने की शपथ दिलाई। बाद में एसडीएम ने हरी झंडी दिखाकर युवाओं को रवाना किया। यात्रा हुड्डा पार्क से शुरू हुई और बस रोड होते हुए आंबेडकर चौक पर पहुंची। इस दौरान स्वयंसेवकों ने बैनर के साथ नारे लगाते हुए युवाओ को जागरूक किया और स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित किया।