सतनाली के बाबा गोशाई व्यायामशाला में चल रही कुश्ती नर्सरी के 19 पहलवानों ने पदक जीतकर जिलेभर में प्रथम स्थान पाया है। नारनौल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में तीन जून से शुरू हुई दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता में बाबा गोशाई व्यायामशाला के पहलवानों ने सराहनीय प्रदर्शन कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में जिलेभर से नर्सरियों के पहलवान शामिल हुए थे। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बाबा गोशाई व्यायामशाला में चल रही नर्सरी के कुल 21 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इनमें से 19 खिलाड़ियों ने अपने-अपने भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।