अटेली खंड के एक गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने शुक्रवार को लघु सचिवालय पार्क नारनौल में एकत्रित होकर गांव की बेटी को बरामद कर परिवार को सौंपने की मांग की। सभा के बाद लघु सचिवालय नारनौल में अटेली पुलिस के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और जिला उपायुक्त के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। नाबालिग लड़की की 80 वर्षीय दादी व मां ने अपनी बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई। ज्ञापन में कहा गया है कि चार अगस्त को अटेली थाना के अंतर्गत एक गांव की लड़की को बहला फुसलाकर कर गांव खोहर जिला कोटपूतली बहरोड़ का युवक ले गया। उन्होंने बताया कि नामजद युवक के खिलाफ शिकायत देने के बाद भी लड़की को बरामद नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि 11 अगस्त को पुलिस अधीक्षक को भी लड़की बरामदगी की गुहार लगाई थी। प्रजा भलाई संगठन के अध्यक्ष ठाकुर अत्तर लाल ने भी 13 अगस्त को पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर लड़की की बरामदगी का निवेदन किया था। सभा को मनिपाल जिला पार्षद वार्ड नंबर 9, महेंद्र सिंह चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता मास्टर सुबे सिंह, छाजूराम रावत, महेश शर्मा प्रधान ब्राह्मण सभा, जयसिंह नंबरदार, सूबेदार राजू शर्मा, सूबेदार महीपाल, रामनिवास पंच, कृष्ण कुमार पंच सहित गणमान्य लोगों ने लड़की की बरामदगी की पुरजोर मांग की।