सिंघाना रोड स्थित बिजली निगम सर्कल कार्यालय में 7वीं बिजली अदालत का आयोजन किया गया। बिजली अदालत में तीन किसानों ने ट्यूबवेल कनेक्शन को लेकर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के समाधान के लिए किसानों को हफ्ते भर का समय दिया गया है। तीनों किसान गांव मंढ़ाणा के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। वहीं 30 हजार रुपये सहमति राशि और लागत राशि जमा करवा चुके हैं। ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए गत फरवरी माह में वर्क ऑर्डर जारी किए गए थे। जिसके बाद खंभे लगाने व बिजली तार खिंचने का काम तो पूरा हो चुका है। लेकिन पिछले दो माह से ट्रांसफार्मर रखने का कार्य नहीं किया गया है। जिस कारण समस्या का सामना करना पड़ रहा है। तीनों किसानों ने गत 6 मई को भी बिजली अदालत में समस्या रखी थी, जहां उन्हें आश्वासन दिया गया था कि जून के प्रथम सप्ताह तक ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य कर दिया जाएगा। लेकिन समाधान पूरा नहीं होने पर किसानों ने फिर से बिजली अदालत में समाधान की गुहार लगाई है।