गांव खातोदड़ा में जमीन पर विवाद के चलते युवक की पीट -पीटकर हत्या मामले में शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव खातोदड़ा निवासी मोहित, नवीन और गुरमीत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है। बता दें कि वीरवार देर रात आरोपियों ने सोमदत्त को पीट- पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शुक्रवार को घायल ने रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर गांव के ही नवीन, मोहित व सोनू के खिलाफ हत्या, मारने की धमकी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। मृतक के भाई प्रदीप ने बताया कि करीब दो कनाल जमीन पर उनका पुराना विवाद चल रहा है। आरोपियों ने इसी रंजिश में उसके भाई की हत्या की है। ग्रामीणों के अनुसार सोमदत्त के परिजनों ने अपने हिस्से की कुछ जमीन बेच दी थी। इसके बाद से ही उस दो कनाल जमीन को लेकर इनका आपसी विवाद चल रहा था। सोमदत्त छह माह पूर्व नजदीक के गांव खातोद में एक व्यक्ति के साथ मारपीट के मामले में जेल में था और छह दिन पूर्व ही जमानत पर बाहर आया। रंजिश के चलते उनकी आपस में कई बार कहासुनी भी हुई थी। आरोपियों व मृतक का जमीन पर विवाद चल रहा था। इसके चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। अब तीनों को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद अदालत के आदेशानुसार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -महेंद्रगढ़ सदर थाना प्रभारी, रमेश कुमार।