नारनौल में पंचायत समिति के चेयरमैन पर उसके कार्यालय से उपाध्यक्ष की कुर्सी चोरी करने के आरोप लगाने का मामला सामने आया है। उधर चेयरमैन ने आरोपों को गलत बताया है, उनका कहना है कि वे कुर्सी को रिपेयर के लिए ले गए थे। अब यह मामला पुलिस तक पहुंच गया है, जिसकी पंचायत समिति की उपाध्यक्ष पूनम ने पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस शिकायत में पूनम ने बताया कि बीते 24 अक्तूबर को उनके पति प्रवीण कुमार खंड कार्यालय नारनौल में अपने किसी कार्य के लिए गए थे। उनके पति ने उसे बताया कि एक बड़ी कुर्सी जो उपाध्यक्ष की है, वह गायब है। उसने कार्यालय के कर्मचारियों से पूछा तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। इस दौरान उनके पति ने सीसीटीवी कैमरा देखा तो पता चला कि उक्त कुर्सी चेयरमैन पंकज यादव व जोनी ठेकेदार अपनी गाड़ी में लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। उपाध्यक्ष पूनम ने पुलिस में दी गई शिकायत में लिखा है कि चेयरमैन पंकज यादव व अशोक कुमार उर्फ जोनी ठेकेदार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए। इस बारे में चेयरमैन पंकज यादव ने बताया कि उन्होंने कुर्सी चोरी नहीं की है और कुर्सी टूट गई थी। इसकी गद्दी खराब होने के कारण इसको वे रिपेयर के लिए लेकर गए हैं। रिपेयर का काम हो जाने के बाद इस कुर्सी को वे वापस कार्यालय में ले आएंगे।