नांगल चौधरी के वॉर्ड 11 की शारदा कॉलोनी स्थित एसबीआई बैंक वाली गली में पिछले एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप रहने से शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पानी की गंभीर समस्या से परेशान महिलाओं और पुरुषों ने मटका फोड़कर जोरदार प्रदर्शन किया तथा प्रशासन और पब्लिक हेल्थ विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। कॉलोनी वासियों ने बताया कि वार्ड 11 के लिए अलग से बिछाई गई पाइपलाइन से जलापूर्ति की जाती है, लेकिन एसबीआई बैंक के पास लगाए गए वॉल के कारण पानी वार्ड नंबर 3 की ओर डायवर्ट हो रहा है। इससे शारदा कॉलोनी सहित पूरे क्षेत्र में पेयजल संकट गहराया हुआ है और लोगों को दूसरे वार्डों से पानी लाकर गुजारा करना पड़ रहा है। वार्ड 11 के प्रधान सोनू तंवर के नेतृत्व में राजेश योगी, हंसराज फौजी, पंडित श्याम लाला, महावीर मास्टर, सोमदत्त जांगड़ा, पप्पू लुहार, करण सिंह राजपूत, लीलाराम सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रधान सोनू तंवर ने बताया कि कई बार पब्लिक हेल्थ विभाग के एसडीओ को शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द पानी सप्लाई बहाल नहीं हुई तो बूस्टिंग स्टेशन पर ताला लगाकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत समाधान की मांग की है।