रक्षाबंधन त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने व्यापक प्रबंध किए हैं। रेलवे ने 55 जोड़ी रेलसेवाओं में 148 अतिरिक्त डिब्बे बढ़ाए हैं। इसके साथ ही, विशेष रेलसेवाओं के संचालन और उनके फेरों में भी वृद्धि की गई है। इनमें प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक स्पेशल की 34 ट्रिप, लालकुआं-साबरमती साप्ताहिक स्पेशल की 26 ट्रिप और मदार-नारनौल दैनिक स्पेशल की 82 ट्रिप शामिल हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि अगस्त माह में 148 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े गए हैं। विशेष रेलसेवाओं के माध्यम से अब तक कुल 192 ट्रिप अधिसूचित की जा चुकी हैं। इन प्रयासों से यात्रियों को त्योहार के दौरान आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा मिलेगी। प्रयागराज, बांद्रा टर्मिनस, मुंबई सेंट्रल, भिवानी, सीकर, श्रीगंगानगर और समस्तीपुर सहित कई प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। मौजूदा विशेष रेलसेवाओं के फेरों में वृद्धि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के लिए कई मौजूदा विशेष रेलसेवाओं के फेरों में वृद्धि की गई है। इनमें श्रीगंगानगर-लक्ष्मीबाई नगर, मुंबई सेंट्रल-भिवानी, बांद्रा टर्मिनस-भिवानी और श्रीगंगानगर-समस्तीपुर जैसी ट्रेनें शामिल हैं। कोयम्बटूर-जयपुर और जयपुर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। रेलवे लगातार यात्री भीड़ की समीक्षा कर रहा है। यात्रियों से अपील है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन की तिथि और समय की पुष्टि कर लें।