नारनौल। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई नारनौल के कर्मचारियों ने सोमवार को शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए अपनी मांगों को लेकर नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने तथा 13 मई 2026 को सरकार और कर्मचारियों के बीच हुए समझौते को लागू करने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार की ओर से ग्रुप सी और डी के पदों पर भर्तियां की गई हैं, लेकिन सफाई कर्मचारियों की नियमित भर्ती नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर राज्य यूनियन के साथ हुए समझौते में 30 दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। कर्मचारियों ने कहा कि मांगों की अनदेखी के चलते उन्हें छह अगस्त से हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसके बावजूद सरकार की ओर से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने सरकार से समझौते को तत्काल लागू करने और कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की। कर्मचारियों ने बताया कि 18 अगस्त को नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई नारनौल की ओर से निकाय मंत्री विपुल गोयल का पुतला दहन किया जाएगा। इसके बाद भी सरकार ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।