जिला स्तरीय बैंकर्स समीक्षा बैठक में तिमाही रिपोर्ट की पेश संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने मंगलवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय बैंकर्स व आरसेटी सलाहकार समिति की समीक्षा तिमाही बैठक ली। इस मौके पर मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक जेपी यादव ने इस तिमाही की रिपोर्ट पेश की। बैठक के दौरान एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने बैंक-वार प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी बैंकों को प्राथमिकता क्षेत्र के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने तथा ऋण जमा अनुपात को न्यूनतम 60 प्रतिशत तक लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित ऋण आवेदनों का त्वरित निपटान करने, अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों का गठन कर उन्हें ऋण देने तथा समाज के हर वर्ग के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने पर बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने हर बैंक शाखा को स्टैंड-अप इंडिया और स्टार्टअप इंडिया के तहत कम से कम दो लोगों को ऋण मुहैया कराने के निर्देश दिए ताकि जमीनी स्तर पर आर्थिक उन्नति हो सके। मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक जेपी यादव ने किसानों की आय दोगुनी करने के भारत सरकार के लक्ष्य को रेखांकित करते हुए बैंकों से किसानों को अधिक ऋण सुविधाएं देने की अपील की। आरसेटी के निदेशक एचआर सभ्रवाल ने वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों और आगामी वर्ष की कार्य योजना साझा की। बैठक में नाबार्ड के डीडीएम आतिश तोमर सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी और बैंकों के समन्वयक मौजूद रहे।