नारनौल। बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने कार्यकारी अभियंता कार्यालय में धन्यवाद सभा का आयोजन किया। सभा की अध्यक्षता एचएसईबी के सह सचिव सुभाष रोहिल्ला ने की व मंच संचालन यूनिट सचिव प्रमोद शर्मा ने किया। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि अगर मांगे पूरी नहीं हुई तो फिर आंदोलन करेंगे। सुभाष रोहिल्ला ने हड़ताल के समर्थन में सहयोग करने वाले सामाजिक, गैर-राजनीतिक संगठनों, किसानों, स्टाफ, प्रेस मीडिया व अन्य संगठनों का आभार व्यक्त किया। एएचपीसी सर्किल सचिव किरोड़ीमल सैनी ने कहा कि निजीकरण होने से प्राइवेट कंपनियों द्वारा महंगी बिजली दी जाएगी, जिससे कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कर्मचारियों के आंदोलन पर सरकार का झुकना कर्मचारियों व आमजन दोनों की जीत है। डिप्लोमा इंजीनियर्स के प्रधान सत्यपाल ने कहा कि सरकार ने साझा मोर्चा व डिप्लोमा इंजीनियर्स की 11, 12 व 13 अगस्त की प्रस्तावित राज्यव्यापी हड़ताल के दबाव में कर्मचारियों की मांगें मानने का आश्वासन दिया है। यदि तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं तो सभी संगठन एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। इस अवसर पर भूपेंद्र बंसल, बिरेन्द्र, गजराज यादव, पवन गहलोत, अमित ढिल्लों, पूर्ण चंद व प्रमोद सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।