रेवाड़ी रोड पर पशुपालन विभाग में स्थित सीमन बैंक में डेढ़ साल पहले पहुंचा 6 हजार लीटर की भराव क्षमता का तरल नाइट्रोजन वर्टिकल टैंक आखिरकार स्थापित करवा दिया गया है। पहले यहां पर 4 हजार लीटर क्षमता वाला टैंक मौजूद था। वह काफी पुराना होने के कारण मुख्यालय की ओर से गुजरात के कलोल क्षेत्र में स्थित आइनोक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से यह टैंक नारनौल पहुंचाया गया था। करीब 21 लाख है टैंक की कीमत सीमन बैंक के असिस्टेंट मुकेश कुमार ने बताया कि इस वर्टिकल टैंक की कीमत 20,79,750 रुपये है। पूरे प्रदेश में हिसार व नारनौल के लिए गुजरात से दो टैंक भेजे गए थे। टैंक के आने से इसके स्थापित किए जाने तक कंपनी को 10 से अधिक रिमांइडर भेजे जा चुके थे, क्योंकि इस टैंक की इंस्टॉलेशन कंपनी के इंजीनियर की ओर से ही की जाती है। ये होगा फायदा मुकेश कुमार ने बताया कि परिसर में पहले से मौजूद 4 हजार लीटर भराव क्षमता कर एलएन2 टैंक काफी पुराना हो चुका है और उसमें गैस रिसाव की भी समस्या है। ऐसे में सप्लाई व टैंक में बार बार तरल नाइट्रोजन भरवाने में हर माह करीब 1 लाख की लागत आती थी। अब नए टैंक के स्थापित होने से काम में तेजी तो आएगी ही, साथ ही इसमें एक माह में दो बार व दूसरे माह में एक बार ही गैस भरवानी पड़ेगी। जिससे विभाग का हर माह करीब 30 हजार रुपये बचेगा। 203 संस्थाओं में होती है सप्लाई सीमन बैंक से नारनौल की 143 व रेवाड़ी की कुल 60 पशु संस्थाओं व अस्पतालों में तरल नाइट्रोजन की सप्लाई की जाती है। विभाग को सीमन से वित्त वर्ष 2023-24 में 85,09,840 रुपये, 2024-25 में 85,09,350 रुपये और 2025-26 में 84,92,840 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। वित्त वर्ष 2025-26 में राजस्व कम होने का सबसे बड़ा कारण सेक्स सॉर्टेड सीमन का न होना है। एलएन2 बर्टिकल टैंक को स्थापित करवा दिया गया है। अब पूर्व में आ रही परेशानियों से निजात मिलेगी ही, साथ ही विभाग का पैसा भी बचेगा। अब टैंक को सुरक्षित करने के लिए इसके चारों ओर लोहे की ग्रिल लगवाई जाएंगी। -डॉ. बलजीत, सीमन बैंक अधिकारी, नारनौल।