सेवा संस्था ने सोमवार को बाल विवाह भारत मुक्त अभियान के तहत बाल विवाह मुक्त रथ का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि नांगल चौधरी विधायक मंजू चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। इस दौरान जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजेश राज गोयल व जिला बाल विवाह निषेध अधिकारी सरिता जांगिड विशेष रूप से उपस्थित रही। सेवा संस्था के अध्यक्ष गणेश कुमार ने बताया कि बाल विवाह मुक्त रथ 15 दिनों तक जिले भर में बाल विवाह के विरुद्ध लोगों को जागरूक करेगा। उन्होंने बताया कि सेवा संस्था द्वारा लगातार जिले भर में विभिन्न स्थानों पर बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। विधायक मंजू चौधरी ने कहा कि सेवा संस्था द्वारा बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आमजन में भी बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता देखने को मिल रही है। इस अवसर पर अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।