लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणवीर सिंह गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार राज्य में ढांचागत विकास को लगातार गति दे रही है। प्रदेश में सरकार ने इस वर्ष 6 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों की विशेष मरम्मत करने की मंजूरी दी है। बारिश रुकते ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा। गंगवा रविवार को कुम्हार (प्रजापति) समाज जिला महेंद्रगढ़ द्वारा महाराज दक्ष प्रजापति की स्मृति में नूनी अव्वल में आयोजित छठे जिला स्तरीय सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव तथा महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव भी मौजूद थे। इस कार्यक्रम में समाज के मेधावी विद्यार्थियों जिन्होंने 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, नीट, पीएचडी सहित आर्मी, पुलिस एवं सिविल सेवा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, उन्हें स्मृति चिन्ह, बैग एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भगत सिंह सरपंच बसई ने की।