नांगल चौधरी के गांव नियामतपुर में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना मनरेगा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मनरेगा में काम कर रहे मजदूरों के साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद पीड़ित मजदूर बड़ी संख्या में पुलिस थाने पहुंचे और सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई। फिलहाल मनरेगा में काम करने वाले मजदूर थाने में शिकायत देकर आए हैं। उन्होंने बताया कि यदि वे सरपंच की मांग पूरी नहीं करते तो उन्हें काम से हटाने और भविष्य में मनरेगा में काम न देने की धमकी दी जाती है। मजदूरों का आरोप है कि सरपंच द्वारा ये सब काम करवाने के लिए नरेश कुमार को रखा हुआ है। जो कि मनरेगा के तहत काम करने वाले लोगों के नाम लिखता है। मनरेगा की सूची में अपने खास लोगों के नाम और कई ऐसे नाम जोड़े हैं, जो कभी काम पर आए ही नहीं। इसके बदले वास्तविक मजदूरों से रुपये मांगे जाते हैं। आरोप है कि अगर कोई मजदूर पैसे देने से मना करता है, तो उसे काम से हटाने की धमकी दी जाती है। इन्हीं आरोपों को लेकर मजदूरों ने एकजुट होकर जिला प्रशासन को वीरवार को लिखित शिकायत दी थी। जिसमें उन्होंने सरंपच व नरेश पर गंभीर आरोप लगाते हुए मनरेगा कार्यों में अपने खास लोगों के नाम और फर्जी नाम जोड़कर मजदूरी की राशि मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत दिए जाने के अगले ही दिन मामला और ज्यादा गंभीर हो गया। आरोप है कि मनरेगा में काम करने वाले मजदूरों के साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद पीड़ित मजदूर बड़ी संख्या में पुलिस थाने पहुंचे हैं। मजदूरों का कहना है कि शिकायत करने की वजह से उन्हें निशाना बनाया गया है।