राष्ट्रीय राजमार्ग-148बी पर नांगल नूनिया फ्लाईओवर के समीप शुक्रवार दोपहर तेल के डिब्बों से भरे एक कंटेनर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कंटेनर के केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और वह पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि कंटेनर में लदा तेल सुरक्षित रहने से बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार कंटेनर चालक सूरज महाराष्ट्र के मुंबई से तेल के डिब्बे लेकर पंजाब के लुधियाना जा रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे जब वह नांगल नूनिया फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो उसे इंजन से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और नीचे उतरकर जांच की। इसी दौरान उसने देखा कि इंजन के हिस्से में आग लग चुकी है। चालक के अनुसार कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज गर्मी और वाहन में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती गई और पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान सड़क पर धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने अपने वाहन सुरक्षित दूरी पर रोक दिए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि आग कंटेनर के पीछे रखे तेल के डिब्बों तक नहीं पहुंची। यदि आग तेल तक पहुंच जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और गंभीर हादसा होने की आशंका थी। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कंटेनर का केबिन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। चालक की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।