जिला पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो पर त्वरित संज्ञान लेते हुए यातायात नियमों की अवहेलना और हुड़दंगबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें महेंद्रगढ़ से दादरी रोड पर दो कारों में सवार कुछ युवक गाड़ी के शीशे खोलकर और बाहर निकलकर खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे थे। सार्वजनिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक, महेंद्रगढ़ पूजा वशिष्ठ ने तुरंत प्रभाव से थाना सदर महेंद्रगढ़ प्रबंधक को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उच्च अधिकारियों के आदेशों की अनुपालना करते हुए थाना सदर पुलिस ने तत्परता दिखाई और संबंधित दोनों कारों को मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत इंपाउंड कर जब्त कर लिया है। जिला पुलिस प्रशासन ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने या स्टंटबाजी कर अपनी व दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे असमाजिक तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।