संवाद न्यूज एजेंसी महेंद्रगढ़। शहर के 15 परीक्षा केंद्रों पर एचटेट अभ्यर्थियों की प्रवेश शुरू हो गई है। परीक्षा को सुचारु और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा और अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। परीक्षा केंद्रों के द्वार पर अभ्यर्थियों की तीन चरणों में जांच की गई। इसमें पहचान पत्र और प्रवेश पत्र की बारीकी से पड़ताल की गई। किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। यह प्रक्रिया दोपहर 12:50 से ही शुरू हो गई थी। शहर के सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। उन्होंने बाहरी तत्वों को केंद्रों के पास अनावश्यक रूप से इकट्ठा होने से रोका। एसडीएम योगेश सैनी ने सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया का व्यक्तिगत रूप से जायजा लिया। केंद्र अधीक्षकों और अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। केंद्रों के बाहर लोगों के इकट्ठा होने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया था। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बस अड्डा से सभी परीक्षा केंद्रों के लिए विशेष बसें रवाना की गईं। परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में काफी राहत मिली।