नारनौल। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने मदार-रेवाड़ी-मदार स्पेशल रेलसेवा का 3 जुलाई से 15 जुलाई तक अस्थायी रूप से रोहतक तक विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस अवधि के दौरान विशेष ट्रेन रोहतक तक संचालित होगी, जबकि 16 जुलाई से 31 जुलाई तक यह ट्रेन दोबारा मदार-रेवाड़ी-मदार के बीच ही चलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09639 मदार-रोहतक स्पेशल 3 से 15 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे मदार से रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 10:30 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी और 10:50 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12:50 बजे रोहतक पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 09640 रोहतक-मदार स्पेशल प्रतिदिन दोपहर 1:20 बजे रोहतक से रवाना होगी। यह ट्रेन अपराह्न 3:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी तथा 3:30 बजे प्रस्थान कर रात 10:35 बजे मदार पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार यह विशेष ट्रेन मार्ग में किशनगढ़, नरैना, फुलेरा, रेनवाल, बधाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कांवट, भागेगा, नीमकाथाना, मांवड़ा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, गोकलगढ़, पाल्हावास, झज्जर और अस्थल बोहर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।