क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे से हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी है। हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में पश्चिमी मौसम प्रणाली का प्रभाव साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। पूरे इलाके में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। इसके चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग ने पहले ही इस बदलाव को लेकर अलर्ट जारी कर दिया था, जो अब असर दिखा रहा है। 21 मार्च को उत्तरी हरियाणा में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं इस मौसम बदलाव से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। गेहूं और सरसों जैसी पककर तैयार खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने का डर सता रहा है। अगर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहता है तो फसल की गुणवत्ता और उत्पादन पर असर पड़ सकता है।