नारनौल के नांगल चौधरी कस्बे में मिलावटी खाद्य पदार्थ बिक्री करने की शिकायत मिलने पर सोमवार को खाद्य विभाग की तरफ से कार्रवाई की गई। टीम सबसे पहले कोट पुतली रोड पर दो अर्धसैनिक कैंटीन पर पंहुची, जहां से साबुदाना व अन्य खाद्य सामान का सैंपल लिया। टीम सैंपल को अपने साथ लेकर गई, जहां उनकी गुणवत्ता की जांच होगी। अगर जांच में सैंपल फेल मिलता है तो उन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार नांगल चौधरी में खाद्य सामग्री बेचने वालों की सैकड़ों दुकान हैं। जहां से हजारों की संख्या में लोग काफी मात्रा में तेल, चीनी, दाल, नमक, मिर्च, घी सहित रसोई घर में रोजाना प्रयोग होने वाला सामान खरीद करते हैं। लेकिन विभाग को शिकायत मिल रही थी कि नांगल चौधरी में असली मार्का लगा हुआ नकली सामान मार्केट में मिल रहा हैं। जोकि सेहत के लिए नुकसानदायक है। जिन पर मार्का तो असली है, लेकिन सामान नकली दिया जा रहा है। खाद्य विभाग की टीम पहुंचते ही दुकानदार अपनी-अपनी दुकान बंद करने में जुट गए। उन्होंने तब तक दुकानें नहीं खोली जब तक टीम वापस नहीं चली गई।