महेंद्रगढ़ क्षेत्र में पिछले चार दिनों से हो रही बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। मंगलवार सुबह तेज बारिश के बाद शहर के मुख्य सड़कों एवं बाजारों में जलभराव होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। गोशाला रोड, सिनेमा रोड, बालाजी चौक, माजरा चुंगी, शंकर मार्केट, मोहल्ला महायचान, एसडीएम आवास के पास, पुराना नारनौल रोड, विश्वकर्मा चौक, आईटीआई रोड, ऑटो मार्केट, डुलाना रोड, बस स्टैंड के बाहर, ब्रह्मचारी रोड पर जलभराव से सड़कों के गड्ढे वाहन चालकों को दिखाई नहीं दे रहे थे। इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं क्षेत्र में इस बार प्रदेशभर में सबसे अधिक अभी तक 640.3 एमएम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग की ओर से आगामी 29 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई जा रही है।