जिले में शनिवार सुबह से ही रुक-रुक कर मानसूनी बारिश का दौर जारी रहा, जिससे मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार को भी नारनौल में 23.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। लगातार हो रही वर्षा से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह बारिश खरीफ फसलों के लिए अमृत समान साबित होगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि एक जून से सात अगस्त तक जिले में कुल 197.6 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 221.8 मिलीमीटर मानी जाती है। इस प्रकार जिले में अब तक सामान्य से करीब 11 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि अगले तीन से चार दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, जिससे मानसून के आंकड़ों में और सुधार हो सकता है। शनिवार को नारनौल, महेंद्रगढ़, अटेली, नांगल चौधरी, सतनाली और कनीना में झमाझम बारिश हुई।